आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार मे जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
आयुष्मान गोल्डेन कार्ड की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि विशेष अभियान चलाकर गोल्डेन कार्ड बनाने में तेजी लाएं। उन्होने कहा कि सीएचओ एवं कोटेदार के माध्यम से लक्ष्य के सापेक्ष गोल्डेन कार्ड बनवाया जाए। उन्होने कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत की 01 आईडी अवश्य बनायी जाए। उन्होने कहा कि जिन ग्राम पंचायतों की प्रगति 90 प्रतिशत से कम है, उन ग्राम पंचायतों को ड्यू लिस्ट उपलब्ध करायें, उसके अनुसार शत प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाया जाए। उन्होने कहा कि लक्ष्य के सापेक्ष गोल्डेन कार्ड बनाये जाने हेतु रोस्टर निर्धारित करें, जिससे कि समय से शत प्रतिशत कार्ड बनाया जा सके। इसके बाद भी ग्राम पंचायतवार समीक्षा में प्रगति कम पायी जाती है तो संबंधित के ऊपर कार्यवाही की जायेगी।
आशाओं के भुगतान की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि नियमानुसार आशाओं का भुगतान सुनिश्चित किया जाए। उन्होने कहा कि कार्य न करने वाली आशाओं को हटाकर उनकी जगह दूसरी आशा की नियुक्ति करें।
एनीमिया मुक्त भारत अभियान समीक्षा में अहिरौला, लालगंज की प्रगति सबसे कम पाये जाने पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि अध्यापकों के माध्यम से स्कूलों में बच्चों को आयरन की गोली का वितरण करायें।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिन योजनाओं की प्रगति स्टेट एवरेज से कम है, उस पर विशेष ध्यान दें एवं प्रगति बढ़ाते हुए शत प्रतिशत डाटा पोर्टल पर फीड करायें। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने परिवार नियोजन, संजीवनी ओपीडी, एनसीडी कैम्पेन, क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम, यूनिसेफ के कार्यक्रमों आदि की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये। बैठक मे मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 एनआर वर्मा, एसआईसी जिला अस्पताल, डॉ उमाशरण पांडेय, सीएमएस जिला महिला अस्पताल सहित समस्त एमओआईसी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-सुबास लाल