माहुल आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। अहरौला थाना क्षेत्र के चलतीफ गांव में रतन श्रीवास्तव और प्रधान अंतिमा यादव के परिवार के मध्य चल रहे हिंसक भूमि विवाद में मंडलायुक्त के सख्त आदेश के बाद गुरुवार को भारी संख्या में पुलिस और राजस्व टीम मौके पर पहुंची और देर रात तक मापी के बाद विवाद को हल कराया।
चकलातीफ गांव निवासी रतन श्रीवास्तव, संजू श्रीवास्तव और प्रधान अन्तिमा यादव के ससुर जियालाल यादव का घर अगल बगल है। रतन श्रीवास्तव अपनी आबादी की जमीन में चहारदीवारी का निर्माण बुधवार को शुरू किया और गड्ढा खोद कर जैसे ही पिलर लगाना शुरू किया। जियालाल यादव के स्वजनों ने काम को जबरन रोक दिया जिसमें दोनो पक्षों में हाथापाई भी हो गई थी। दोनों पक्षों में तनातनी होने के बाद गोलबंदी शुरू हो गई थी। चहारदीवारी निर्माण रुकने के बाद रतन श्रीवास्तव ने मंडलायुक्त को शिकायती पत्र देकर समस्या समाधान के लिए गुहार लगाई। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मंडलायुक्त ने उपजिलाधिकारी फूलपुर के साथ ही साथ पुलिस प्रशासन से चहारदिवारी निर्माण में आ रही बाधा को दूर करने के साथ ही एक सप्ताह के अंदर आख्या भी मांग लिया।
मंडलायुक्त के आदेश के अनुपालन में चौकी प्रभारी माहुल, क्षेत्रीय लेखपाल पुलिस बल के साथ पहुंचे। मौके पर दोनों पक्षों के समर्थक भी पहुंच गए। पुलिस और राजस्व टीम ने दोनों पक्षों की सहमति के बाद विवादित भूमि की मापी कराई जो देर शाम तक चली। मापी में दोनों परिवारों की जमीन का चिन्हांकन करने के बाद टीम द्वारा रतन श्रीवास्तव को चहारदिवारी निर्माण का निर्देश दिया।
इस मौके पर भाजपा लालगंज के जिलामंत्री दिलीप सिंह, अजय श्रीवास्तव, पूर्व प्रधान विभा श्रीवास्तव, माहुल मंडल अध्यक्ष विमलेश पांडेय, उपाध्यक्ष आशीष सिंह, राघवेंद्र यादव बाबू, सुभासपा युवा मंच के प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक उपाध्याय, प्रमोद राजभर, उमाशंकर यादव आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट-श्यामसिंह