सड़क पर धान की रोपाई कर ग्रामीणों ने किया विरोध प्रदर्शन

शेयर करे

रानीकीसराय आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया))। स्थानीय ब्लाक क्षेत्र के मोतीगंज बाजार से निकले चडई गांव के मुख्य पीच मार्ग की दयनीय दशा से त्रस्त ग्रामीणों ने सडक पर धान रोप कर विरोध जताया। दस वर्षों से ग्रामीण सड़क की दशा सुधारने की मांग कर रहे है।
रानीकीसराय निजामाबाद मार्ग स्थित मोतीगंज बाजार से चडई गाव के लिए मार्ग निकला है। इस मार्ग से होकर रानीपुर, जमीनकटघर, हुसामपुर, विट्ठलपुर आदि तकरीबन दर्जन भर गावो के लोगो का आवागमन होता है। यह क्षेत्र दो विधानसभा निजामाबाद और सदर के अंतर्गत आता है। दो विधायक प्रतिनिधित्व के बाद भी तकरीबन बीस हजार की आबादी सडक की मांग दस वर्षों से कर रही है। सडक पूरी तरह गड्ढे मे तब्दील हो गयी है। कुछ जगहो पर गड्ढे इतने खतरनाक हो गये है कि आये दिन स्कूली बच्चों से लदी बस पलटने से बचती है। दो पहिया और साइकिल सवार तो आये दिन गिर कर चोटिल होते है। मार्ग की दशा सुधारने के लिए ग्रामीणों ने कई बार आलाधिकारियों सहित जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाई लेकिन कोई फायदा नही हुआ। हाल ही मे नागरिकों ने प्रदर्शन भी किया था। लोकनिर्माण विभाग बजट प्रस्ताव शासन को भेजने की दुहाई देता है जबकि यह भी क्रम लंवे समय से चल रहा है। समस्या से त्रस्त पानी भरे सडक पर गुरुवार को नागरिकों ने धान रोपाई कर विरोध प्रदर्शन किया। नागरिकों का कहना है कि सडक की दशा खराब होने से गाव मे एक बार आने के बाद लोग आना नही चाहते। इस दौरान अमरजीत यादव रमाकांत यादव, शैलेश यादव, श्रीराम गिरी, रामपवन यादव, अजय सिंह, नजीर अहमद, अल्पनाथ, जलधारी राम आदि लोग उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-प्रदीप वर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *