महराजगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। समाधि धाम में आयोजित नौ दिवसीय रामकथा पर अयोध्या स्थित श्री हनुमानगढ़ी के महंत अमित दास जी महाराज के श्रीमुख से प्रवाहित रामकथा ने समूचे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कथा के प्रथम दिवस से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु समाधि धाम पहुंचकर भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र का श्रवण कर रहे हैं। महंत जी ने अपने ओजस्वी वाणी और सरल उदाहरणों के माध्यम से मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के आदर्शों, त्याग, सत्य, धर्म और कर्तव्यबोध का विस्तार से वर्णन किया जिसे सुनकर श्रोता भाव-विभोर हो उठे। कथा के दौरान जय श्रीराम और हनुमान जी के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा।
रामकथा के आयोजन को लेकर समाधि धाम को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। कथा स्थल पर प्रतिदिन भजन-कीर्तन और आरती का आयोजन भी किया जा रहा है। महंत जी ने वर्तमान समय में श्रीराम के आदर्शों को जीवन में उतारने का आह्वान करते हुए कहा कि रामकथा केवल श्रवण का विषय नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने का माध्यम है। उन्होंने समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सदाचार को अपनाने पर जोर दिया। आयोजन समिति के अनुसार कथा के समापन पर विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। रामकथा के माध्यम से समाधि धाम में भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक चेतना का अद्भुत प्रवाह देखने को मिल रहा है।
रिपोर्ट-राजनरायन मिश्र