पटवध आज़मगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जनपद के रोडवेज बस स्टैंड परिसर में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया जब पुलिस ने एक संदिग्ध महिला को उप्र पुलिस की वर्दी में घूमते हुए पकड़ा।
उप निरीक्षक सौरभ त्रिपाठी, चौकी प्रभारी रोडवेज, एवं महिला थानाध्यक्ष उप निरीक्षक प्रज्ञा सिंह शांति व्यवस्था ड्यूटी पर थे, तभी उन्हें महिला की चाल-ढाल, व्यवहार और वर्दी पहनने के तरीके पर संदेह हुआ। पुलिस ने जब महिला को रोकर पूछताछ की तो वह अपनी तैनाती के बारे में गलत और भ्रामक जानकारी देने लगी। सख्ती से पूछने पर उसने स्वीकार किया कि वह पुलिस विभाग में नहीं है, बल्कि वर्दी पहनकर बस व ट्रेन में बिना टिकट यात्रा करती है। आरोपी ने अपना नाम नीतू चौहान (29 वर्ष) निवासी बनकटा बुजुर्ग, थाना राजेसुल्तानपुर, जिला अम्बेडकरनगर बताया। महिला पुलिस द्वारा जामा तलाशी में उसके पास से पुलिस की मोनोग्रामयुक्त वर्दी, बेल्ट व चपरास, दोनों कंधों पर लगे पुलिस बैज, गोल्डेन चिन्हयुक्त कैप, पुलिस पैटर्न जूते-मोजे बरामद हुए। पुलिस वर्दी का अवैध रूप से उपयोग कर आमजन एवं विभाग को भ्रमित करने के इस गंभीर कृत्य पर आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई।
रिपोर्ट-बबलू राय