पुलिस ने ट्रक से हादसा करने वाले आरोपी को किया गिरफ्तार

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। थाना तरवां क्षेत्र में हुई गंभीर सड़क दुर्घटना में पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में ट्रक भी बरामद कर थाना लाया गया है।
उचंहुआ निवासी सीताराम यादव की तहरीर के अनुसार विगत दिवस उनका 22 वर्षीय पुत्र रोहित यादव शौच के लिए गया था। इसी दौरान रासेपुर की ओर जा रहा ट्रक तेज रफ्तार व लापरवाही से चलाते हुए रोहित को रौंद गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक रमेश सिंह को सौंपी गई। घटनास्थल पर जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि संबंधित ट्रक उचंहुआ पुल से करीब 2 किलोमीटर दूर रासेपुर की दिशा में खड़ा है। थोड़ी देर बाद एक व्यक्ति ट्रक के पास पहुंचा और खुद को चालक बताते हुए स्वीकार किया कि भीड़ के डर से वह दुर्घटना के बाद ट्रक छोड़कर दूर से नजर रख रहा था।
पुलिस ने आरोपी की पहचान सुनील यादव निवासी मिर्जापुर, थाना सैदपुर, जनपद गाज़ीपुर के रूप में की और उसे हिरासत में ले लिया। घटना में प्रयुक्त ट्रक को भी कब्जे में ले लिया है।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *