नुक्कड़ नाटक के माध्यम से पुलिस ने दी दुर्घटना से बचाव की जानकारी

शेयर करे

मुबारकपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। यातायात माह के तहत लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार को मुबारकपुर रोडवेज़ चौराहे पर एक नुक्कड़ नाटक का आयोजन पुलिस अधीक्षक डॉ.अनिल कुमार के निर्देशन में किया गया। जिसमें थानाध्यक्ष शशि मौलि पांडेय, उप निरीक्षक सौरभ सिंह अपने ट्रैफिक पुलिस दल के साथ मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने सड़क दुर्घटनाओं की वास्तविक स्थितियों को जीवंत कर जनता को यह संदेश दिया कि थोड़ी सी असावधानी कैसे बड़ा हादसा बन सकती है। नाटक में यह भी बताया गया कि दुर्घटना की स्थिति में राहगीर कैसे समझदारी और सावधानी के साथ घायलों को प्राथमिक सहायता देकर उनकी जान बचा सकते हैं। जैसे सही तरीके से जमीन पर लिटाना, अनावश्यक हिलाने-डुलाने से बचना, तथा तुरंत हेल्पलाइन नंबरों पर कॉल कर एंबुलेंस बुलाना।
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की कि यातायात नियमों का पालन सिर्फ कानूनी दायित्व नहीं, बल्कि अपनी और दूसरों की सुरक्षा की जिम्मेदारी है। मौके पर उपस्थित लोगों ने नाटक को ध्यानपूर्वक देखा और सड़क सुरक्षा को लेकर सकारात्मक संदेशों की सराहना की।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यातायात माह का उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा नागरिकों तक जागरूकता पहुंचाना है, ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे इस संदेश को अपने परिवार, दोस्तों और समाज में आगे बढ़ाएं, जिससे अभियान को अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
रिपोर्ट-मनीष श्रीवास्तव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *