अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना पुलिस ने शनिवार को तड़के करीब 4.08 बजे हुई मुठभेड़ के दौरान प्रतिबंधित पशु चोरी व वध गिरोह के अन्तरजनपदीय 25 हजार के इनामी अपराधी करीम को गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया। थाना अध्यक्ष अमित कुमार मिश्र के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई ने क्षेत्र में सक्रिय पशु तस्करों के बड़े गिरोह का नेटवर्क उजागर कर दिया है।
रात्रि गश्त व चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस टीम सुखीपुर अंडरपास के पास वाहनों की जांच कर रही थी। तभी गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे सर्विस लेन की तरफ से एक संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल से आता दिखाई दिया। पुलिस ने रुकने का संकेत दिया तो वह पुलिस टीम पर गोली चलाते हुए भागने लगा। थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा व टीम द्वारा आत्मरक्षा में की गयी फायरिंग में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी और वह जमीन पर गिर पड़ा। गिरफ्तार आरोपी की पहचान करीम पुत्र मकसूद अहमद, निवासी रफीउल्लाहपुर, थाना जलालपुर अंबेडकर नगर के रूप में हुई। उसका साथी आरिफ पुत्र इरफान मौके से अंधेरे का फायदा उठाकर मोटरसाइकिल सहित फरार हो गया। गिरफ्तारी हेतु विशेष टीम गठित है। मुठभेड़ के बाद मौके से पुलिस ने एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, अवैध मांस बिक्री से अर्जित 3,200 रुपये बरामद किया। घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी अतरौलिया भेजा गया।
पूछताछ में आरोपी ने ग्राम गोरथानी में दो प्रतिबंधित पशुओं के वध की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। इस घटना में उसका साथ देने वाले साथी आरिफ पुत्र इरफान (फरार), इरफान पुत्र वाजिद अली, एकलाख अहमद, शमीम पुत्र मकसूद, शहजादे आलम उर्फ चांद के नाम भी सामने आए। यह भी खुलासा हुआ कि अवैध मांस सफेद रंग की कार से ले जाया गया और उसकी बिक्री से कमाया धन आपस में बांटा गया। इससे पहले 18 नवम्बर को पुलिस ने इसी गिरोह के दो सदस्य इरफान पुत्र वाजिद अली और शहजादे आलम उर्फ चांद को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
रिपोर्ट-आशीष निषाद