आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। संकल्प फाउंडेशन की ओर से गुरुटोला स्थित कार्यालय पर रविवार को सामाजिक समरसता का संदेश दिया, जब संगीता श्रीवास्तव की हथेली पर यासमीन बेगम, तो वहीं पूनम सिंह की हथेली पर फहीमा बानो ने मेहंदी रचाकर सांप्रदायिक एकता की मिसाल पेश की। इसी तरह से नेहा शमशाद ने अनिता श्रीवास्तव व अन्य मुस्लिम महिलाएं और बच्चियों ने हिंदू महिलाओं के हाथों में मेहंदी का रंग भरा।
सुहाग के महापर्व तीज के मद्देनजर आयोजित कार्यक्रम में अपेक्षा से ज्यादा भीड़ होने के कारण महिलाओं को मेहंदी लगवाने के लिए इंतजार भी करना पड़ गया। इस दौरान सभी के लिए जलपान का भी इंतजाम किया गया था। सुबह से खराब मौसम के बावजूद मुस्लिम महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की, तो वहीं अंत तक हिंदू महिलाएं पहुंचती रहीं। निर्धारित समय तीन बजे के बाद भी पहुंचने वालों को वापस नहीं किया गया, जिसके चलते शाम हो गई। व्यवस्था में सहयोग के लिए फाउंडेशन के अध्यक्ष मनीष कृष्ण साहिल, उपाध्यक्ष मुहम्मद अफजल इदरीसी, महासचिव सुधीर गुप्ता, सचिव विकास वर्मा, कोषाध्यक्ष शाहिद आदि कार्यकर्ता सुबह से शाम तक लगे रहे। अफजल ने कहा कि तीज के महापर्व पर सुहागिन महिलाओं द्वारा अपने पति के दीर्घायु के लिए निर्जला व्रत कर ईश्वर से प्रार्थना की जाती है। मेहंदी लगवाने के लिए किसी ब्यूटी पार्लर में जाने पर काफी पैसा खर्च होता है, जो सबके लिए संभव नहीं होता। इसे ध्यान में रखकर संकल्प फाउंडेशन ने तय किया कि मुस्लिम बहनें अपनी हिन्दू बहनों के हाथ पर मेहंदी रचाकर एकता और प्रेम की अनोखी मिसाल पेश करें। मेहंदी लगाने के लिए यासमीन बेगम, नेहा आलिया समद समेत कई लोगों को बुलाया गया था। मेहंदी लगावाने वालों में मोनिका अग्रवाल, लता सिंह, सोनी शुक्ला, इंदु वर्मा, अंजू अस्थाना, पंकज श्रीवास्तव, सीमा श्रीवास्तव, रिचा सिंह, पूनम श्रीवास्तव, राधिका शुक्ला, बबिता पांडेय, कुसुम शुक्ला, दीक्षा तिवारी, पूनम तिवारी, रीना गुप्ता, वंदना सिंह आदि शामिल रहीं। सभी ने एक-दूसरे को बधाई दी और त्योहारों के माध्यम से समाज में भाईचारे और मोहब्बत का संदेश फैलाने का संकल्प लिया।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार