पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। रौनापार थाना क्षेत्र अंतर्गत विसेन के पूरा गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता का बिस्तर पर मृत अवस्था में शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया और जांच में जुट गयी।
रौनापार थाना क्षेत्र के विसेन के पूरा गांव में शनिवार देर शाम रानी सिंह 32 वर्ष पत्नी अरुण सिंह का उसके घर पर कमरे में बिस्तर पर मृत अवस्था में शव मिला। मृतका की पुत्री 11 वर्षीया दीक्षा सिंह ने बताया कि जिस समय घटना घटी उस समय मम्मी ने मुझे किसी काम के लिए बाहर भेज दिया था। दादी चौक पर बाजार में सामान लेने गई थी। पापा भी घर पर नहीं थे। चाचा अपने घर पर ही थे जो अलग रहते हैं। मम्मी की मौत कैसे हुई है हम लोगों को नहीं पता है। रानी सिंह की शादी अरुण सिंह के साथ सन् 2011 में हुई थी। रानी सिंह का मायका अतरौलिया थाना क्षेत्र के कमालपुर में है। वहीं कुछ लोगों ने मौखिक रूप से बताया कि मृतका रानी सिंह के गले पर चोट का निशान था। जैसे ही पुलिस को पता चला पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की छानबीन में जुट गई। रविवार दोपहर रौनापार पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा, वैसे जांच पड़ताल की जा रही है।
रिपोर्ट-बबलू राय