आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी द्वारा आयोजित संयुक्त बीएड प्रवेश-परीक्षा 2025-27 के तहत महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय आजमगढ़ के विभिन्न केद्रों का विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने औचक स्थलीय निरीक्षण किया। प्रथम दृष्टया परीक्षा की शुचिता से संतुष्ट दिखे, तथा जो आंशिक कमियां दिखाई दी उसे संबंधित जिम्मेदार को ध्यान दिलाते हुए व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने का निर्देश भी दिया।
विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ.प्रवेश कुमार सिंह ने बताया कि कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल के निर्देश के क्रम में बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी को संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा 2025 के संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। उसी के तहत रविवार की सुबह 9 बजे से विभिन्न केद्रों पर परीक्षा शुरू हुई। सभी केंद्र पर दो-दो पर्यवेक्षक, स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं केंद्राध्यक्षों की कड़ी निगरानी के बीच परीक्षा का संचालन सुचारू रूप से चला। इसी बीच कुलपति स्वयं स्थलीय निरीक्षण हेतु निकल पड़े। उन्होंने कई विद्यालयों का निरीक्षण किया जिसमें मुख्य रूप से श्री दुर्गा जी पीजी कालेज चंडेश्वर, अग्रसेन महिला महाविद्यालय आजमगढ़, जीजीआईसी, एवं डीएवी पीजी कॉलेज आजमगढ़ के साथ-साथ विश्वविद्यालय परिसर का भी निरीक्षण किया। औचक निरीक्षण के समय कुलपति के साथ उनके व्यक्तिक सहायक विपिन शर्मा, मुलायम, धर्मेंद्र आदि की भी उपस्थिति रही।
रिपोर्ट-सुबास लाल