लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। तरवां थाना में हुई दलित युवक सन्नी कुमार की मौत ने तूल पकड़ लिया है। इस मामले को लेकर जहां एक ओर क्षेत्र में जनाक्रोश का माहौल है, वहीं दूसरी ओर राजनीतिक व सामाजिक संगठनों ने भी सक्रियता बढ़ा दी है। रविवार को दलित युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगपति राम के नेतृत्व में कार्यकर्ता मृतक सन्नी के घर पहुंचे और उनके परिजनों को ढांढस बंधाया।
इस दौरान दलित युवा मोर्चा ने प्रशासन और सरकार पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि यदि मृतक के परिजनों को शीघ्र न्याय नहीं मिला तो संगठन देशव्यापी आंदोलन करेगा। जगपति राम ने कहा कि यह केवल एक युवक की मौत नहीं, बल्कि लोकतंत्र और संविधान पर हमला है।
दलित युवा मोर्चा के अध्यक्ष ने कहा कि आजमगढ़ पुलिस की भूमिका संदिग्ध है। सन्नी को थाने में हिरासत में लेकर उसके साथ बर्बरता की गयी। उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। अगर इस घटना को यूँ ही नजरअंदाज किया गया तो यह देश के करोड़ों दलितों के आत्मसम्मान पर कुठाराघात होगा। इसे लेकर हमारा संगठन चुप नहीं बैठेगा। उन्होंने बताया कि सन्नी कुमार के घर पहुंचने पर वहां मातम पसरा हुआ था। मृतक के परिजन आज भी सदमे में हैं। दलित युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया और कहा कि वे उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहेंगे। पीड़ित पिता ने कहा, “हमें न्याय मिलना चाहिए।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद