लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। श्रावणमास के चौथे सोमवार को शिवालयों में भक्तों की भीड़ लगी रही। लोग श्रद्धा विश्वास के साथ देवाधिदेव, महादेव की आराधना, पूजन, अर्चन करते हुए देखे गए। हर हर महादेव के उद्घोष से सारा वातावरण गुंजामन रहा। ओम प्रकाश सिंह पूर्व प्रधानाचार्य तिलखरा ने कहा कि इस दिन शुक्ल योग, ब्रह्म योग, स्वाति नक्षत्र और विशाखा नक्षत्र समेत कई शुभ योग का निर्माण हो रहा है। भगवान भोलेनाथ आशुतोष हैं। अवढ़र दानी हैं। श्री रामचरित मानस में राजा दशरथ भगवान भोलेनाथ से प्रार्थना करते हुए कहते हैं-सुमिरि महेसहि कहहिं निहोरी, विनती सुनहु सदाशिव मोरी। आशुतोष तुम औढर दानी, आरति हरहु दीन जनु जानी।
उन्होंने कहा कि सावन मास में भगवान भोलेनाथ की आराधना का विशेष महत्व है। भोलेनाथ की आराधना से समस्त सांसारिक कष्टों से मुक्ति मिलती है। उनकी आराधना सद्य फलदायी होती है।
इस पावन पर्व पर ग्राम पंचायत तिलखरा, गनीपुर डगरहा से कांवरियों का जत्था श्री मार्कंडेय महादेव पर जलाभिषेक करने के लिए गाजे बाजे, हर हर महादेव के उद्घोष के साथ प्रस्थान किया। इस अवसर पर पूर्व प्रधान धनंजय सिंह, आकाश सिंह, अनिकेत सिंह उर्फ शुभम् सिंह, विजय सिंह, विशाल, दिनेश राम, अनुराग, सोनू, संजय कश्यप, प्रिंस आदि उपस्थित रहे।
फूलपुर प्रतिनिधि के अनुसार सावन मास के चौथे सोमवार को दुर्वासा धाम के तमसा, मंजूषा के संगम तट पर स्नान, ध्यान के साथ श्रद्धालुओं ने दुर्वेश्वर नाथ महादेव का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक किया। परिवार के सुख समृद्धि की मंगल कामना की। वहीं कावरियों ने भगवान दुर्वेश्वर महादेव, मुंडेश्वर नाथ महादेव का जलाभिषेक कर कावर लिए अंपने गंतव्य स्थान को प्रस्थान किया। इस अवसर पर पुलिस प्रशासन सुरक्षा की दृष्टिगत अलर्ट रही।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद/मुन्ना पाण्डेय