जरूरतमंदों का सहारा बनेगा विशाल भारत संस्थान का अनाज बैंक

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सरकार की मुफ्त राशन योजना बहुतों का पेट भर रही है, लेकिन ऐसे लोग भी हैं, जिनका राशन कार्ड ही किन्हीं कारणों से नहीं बन सका है। फिलहाल, अब ऐसे लोगों को भी परेशान होने की जरूरत नहीं है। कारण कि विशाल भारत संस्थान ने नंदाव बाजार में जिला सेवा कार्यालय का शुभारंभ करने के साथ ही अनाज बैंक के विस्तार पटल की भी स्थापना की है। यहां जरूरतमंदों के बारे में जानकारी के बाद उन्हें अनाज उपलब्ध कराया जाएगा। जनपदीय सेवा कार्यालय का उद्घाटन संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. राजीव श्री गुरुजी ने नारियल फोड़कर एवं नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण करके किया। बताया कि विशाल भारत संस्थान देश भर के गांवों से युवाओं को देश सेवा के लिए तैयार कर रहा है। जनपदीय सेवा कार्यालय में अनाज बैंक का विस्तार पटल स्थापित किया गया। अनाज बैंक के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों की पहचान कर प्रति माह अनाज उपलब्ध कराया जाएगा। पहले दिन 108 महिलाओं को अनाज देकर मुख्य अतिथि डा. राजीव ने अनाज बैंक के विस्तार पटल की शुरुआत की।
इस अवसर पर आयोजित साझी संस्कृति, साझी विरासत विषयक राष्ट्रीय संगोष्ठी में डा. राजीव ने कहा कि हम पूर्वजों और परम्पराओं से एक हैं। हिंदू और मुसलमान धर्म से अलग हो सकते हैं, लेकिन पूर्वजों की संस्कृति और विरासत एक होने की वजह से रिश्ते में आते हैं। जब रिश्ते में आते हैं तो भेद कैसा। भारत भूमि में रहने वालों की संस्कृति एक ही है। विशाल भारत संस्थान ने लोगों को जोड़ने का कार्य किया है।
संस्थान की राष्ट्रीय महासचिव डा. अर्चना भारतवंशी ने कहा कि देश सेवा के लिए युवाओं को नेताजी सुभाष के रास्ते पर चलकर त्याग करना होगा। अनाज बैंक के डिप्टी चेयरमैन ज्ञान प्रकाश ने कहा कि जरूरतमंदों की मदद हमारी प्राथमिकता है। निराश्रित, सुविधा विहीन, तलाकशुदा, विधवा लोगों को प्राथमिकता के आधार पर अनाज दिया जाएगा। संचालन विवेकानंद सिंह एवं धन्यवाद ज्ञापन जिला चेयरमैन हिसामुद्दीन ने किया। इस अवसर पर संस्थान की राष्ट्रीय संयुक्त सचिव डा. मृदुला जायसवाल, आभा भारतवंशी, नौशाद अहमद, इरशाद अहमद, दिनेश सरोज, मो. लईक आलम, रामाश्रय, आकाश यादव, सिराज अहमद, डा. धनंजय यादव, आरिफ, कुतुबुद्दीन आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट-सुबास लाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *