अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। आजादी के अमृत महोत्सव पर स्थानीय व्यापारियों द्वारा विभिन्न झांकियों के साथ विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गयी। इस दौरान डांडिया नृत्य ने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
नगर पंचायत अतरौलिया में व्यापारियों द्वारा रविवार को एक विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गयी। मुख्य आकर्षण भारत माता तथा सरदार भगत सिंह, नेताजी सुभाष चंद्र बोस की झांकी रही। सैकड़ों की संख्या में व्यापारी हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए। तिरंगा यात्रा शंकर त्रिमुहानी, सदर बाजार से प्रारंभ होकर बब्बर चौक, दुर्गा मंदिर, रामबरन चौक, गोविंदपुरा, गोला क्षेत्र होते हुए शांति चौराहा बाबा बालक दास की कुटी होते हुए आकर सदर बाजार में समाप्त हुई। तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं व लड़किया भी तिरंगे के परिधान में सम्मिलित हुई तथा तिरंगा डंडी से डांडिया खेलते हुए भारत माता की जयकारा से पूरा बाजार गूंज रहा था। तिरंगा यात्रा में छात्रों से लोग सेल्फी लेते रहे। वहीं लड़कियों ने राष्ट्रगीत की तान पर जमकर डांस किया। इस अवसर पर नवनीत जायसवाल, रवि कुमार अग्रहरी, मोनू कुमार, सगीर अहमद, सचिन जयसवाल, सुभाष चंद जायसवाल, रामचंद्र जायसवाल, दिनेश मद्धेशिया, अरविंद कुमार, प्रवेश कुमार कसौधन, नितेश कुमार आदि मौजूद थे।
रिपोर्ट-आशीष निषाद