लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के कैथी शंकरपुर गांव में मंगलवार की रात गायत्री देवी 29 वर्ष पत्नी जयचंद की सर्पदंश से मृत्यु हो गई।
देवगांव कोतवाली क्षेत्र के कैथी शंकरपुर गांव निवासिनी गायत्री देवी प्रतिदिन की भांति अपने घर के बरामदे में चारपाई पर सोई हुई थी। वहीं बगल में उसकी दो नाबालिग पुत्रियां नीलू और कृति भी सोई हुई थीं। गायत्री देवी ने पुत्रियों को मच्छर न काटे इस कारण मच्छरदानी लगा रखी थी, जबकि स्वयं बिना मच्छरदानी के ही बगल वाली चारपाई पर सोई हुई थी। रात में लगभग 3 बजे सर्प गायत्री देवी को सांप ने काट लिया जिससे वह चिल्लाने लगी। आसपास के लोग उसे सौ शैय्या अस्पताल लालगंज ले गए, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखकर डाक्टर ने उसे रेफर कर दिया। परिजन उसे जौनपुर ले जा रहे थे कि रास्ते में ही उसकी मृत्यु हो गई।
गायत्री देवी का पति जयचंद छत्तीसगढ़ में गाड़ी चलाता है, जबकि दोनों नाबालिग पुत्रियां नीलू एवं कृति मां के साथ घर पर रहती थीं। सर्प दंश से मृत्यु का समाचार पाते ही कोतवाली प्रभारी विनय मिश्रा मय फोर्स उसके घर पहुंच गए एवं शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है। सूचना पाकर उसके मायके से भाई सोनू आदि भी मौके पर पहुंच गए।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद