आस्था के रंग में सराबोर हुआ नगर पंचायत अतरौलिया

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। 490 वर्षों की लंबी प्रतीक्षा के बाद अयोध्या में हो रही प्राण प्रतिष्ठा को लेकर नगर पंचायत स्थित राम जानकी मंदिर में होने वाली प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष में एक भव्य शोभा यात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों की संख्या में महिला पुरुष बच्चो ने हिस्सा लिया। शोभा यात्रा नगर पंचायत स्थित राम जानकी मंदिर से होते हुए बरन चौक, गोला बाजार, जयसवाल मोहल्ला, बब्बर चौक, हनुमानगढ़ी, केसरी चौक होते हुए पुनः राम जानकी मंदिर पर समाप्त हुई। शोभायात्रा में डीजे की तेज़ धुन पर महिला पुरुष सभी थिरकते नजर आए तो वहीं महिलाओं ने छतों से पुष्प वर्षा कर लोगों का अभिनंदन किया। पूरे नगर पंचायत में जगह जगह प्रसाद वितरण के रूप में हलवा का प्रसाद, पानी की बोतल श्रद्धालुओ को बांटी गई।
रथ पर सवार राम जानकी की भव्य शोभायात्रा में चल रहे लोग जयकारे के साथ थिरकते हुए नजर आए। माथे पर तिलक और हाथों में भगवा झंडा लेकर लोगों में गजब का उत्साह दिखा तो वहीं सेल्फी लेने की भी होड़ बनी रही। सुरक्षा की दृष्टिकोण से पुलिस के जवान व महिला पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया था। मनमोहक झांकी में राम लक्ष्मण सीता सहित अन्य देवी देवताओं की मूर्तियों को रथ पर विराजमान किया गया था। डीजे की तेज धुन पर पूरा नगर पंचायत भगवा मय हो गया। हाथों में भगवा झंडा लेकर लोगों ने प्रभु श्री राम के नारे लगाते हुए शोभा यात्रा में हिस्सा लिया।
पूरे नगर पंचायत को दुल्हन की तरह सजाया गया था। नवनीत जायसवाल ने बताया कि कई वर्षों से नगर पंचायत स्थित राम जानकी मंदिर में मूर्ति स्थापना नहीं हुई थी। प्राण प्रतिष्ठा के इस शुभ अवसर पर आज मंदिर के गर्भ गृह में राम लक्ष्मण जानकी हनुमान की मूर्ति का प्राण प्रतिष्ठा किया जाएगा। सूरज सिंह ने बताया कि आज पूरे देश में आस्था का एक जो माहौल बना है इसी माहौल में नगर के राम जानकी मंदिर में भी प्राण प्रतिष्ठा किया जाएगा।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *