सृष्टिमीडिया लालगंज (आजमगढ़)। सावन के दूसरे सोमवार को लालगंज तहसील क्षेत्र के रामपुर कठरवां में पातालपुरी महादेव मंदिर में बारिश कम होने के परिणाम स्वरूप ग्रामीणों ने कमल के फूल से जलाभिषेक तथा हवन पूजन किया। ग्राम वासियों का मानना है कि ऐसा करने के उपरांत बारिश अवश्य होती है।
ग्रामवासी उमेश यादव ने बताया कि बारिश के लिए पूजा पाठ किया गया और कमल के फूल से जलाभिषेक किया गया। उन्होंने कहा कि कमल के फूल के जलाभिषेक के उपरांत वर्षा अवश्य होती है और ऐसा हुआ भी। इस अवसर पर शीतला प्रसाद मिश्र, राजू यादव, राम प्रसाद यादव, डॉ.उमेश यादव, मर्न्दिका यादव, दीपक यादव, ओमकार यादव, उमाशंकर यादव, बृजेश यादव, भोनू यादव आदि उपस्थित रहे। इसी क्रम में श्रावण मास के दूसरे सोमवार को मसीरपुर आदि स्थानों पर श्रद्धा व विश्वास के साथ पूजे गए देवाधिदेव महादेव। श्रावण मास के दूसरे सोमवार को मसीरपुर तिलखरा, चाकीडीह आदि स्थानों पर श्रद्धा और विश्वास के साथ देवाधिदेव महादेव पूजे गये। भगवान शंकर के अति प्रिय सावन महीने में देवालयों में भीड़ लगी रही और लोग श्रद्धा व विश्वास के साथ मनोकामना पूर्ण हेतु भोलेनाथ की आराधना करते हुए दिखाई दिए। पूर्व प्रधानाचार्य ओम प्रकाश सिंह कहते हैं कि भगवान शंकर आशुतोष अर्थात शीघ्र प्रसन्न होने वाले हैं। भगवान भोलेनाथ की कृपा प्राप्त होने पर मनुष्य के लिए सब कुछ प्राप्त करना संभव हो जाता है। वैष्णव संत परंपरा के महान संत, मसीरपुर राम जानकी मंदिर के पुजारी राधेश्याम दास जी महाराज ने कहा कि सावन महीने में भगवान भोलेनाथ की आराधना करने से मनोवांछित फल प्राप्त होता है। भगवान भोलेनाथ को सावन महीना बहुत प्रिय है। इस अवसर पर विशाल शर्मा, ओमप्रकाश सिंह, अशोक कुमार सिंह, श्याम सुंदर पांडेय, धनंजय सिंह, समवेत सिंह, सोनू कश्यप, हरि ओम, अरुण कुमार सिंह आदि लोग उपस्थित थे। इसी क्रम में क्षेत्र के तरफकाजी में लगभग 200 शिवभक्तों द्वारा जलाभिषेक किया गया। ग्रामवासियों द्वारा शंकर जी की झांकी निकाली गई तथा महादेव का तांडव नृत्य किया गया। इस मौके पर ग्राम प्रधान डॉ.संजय चौहान तथा क्षेत्र पंचायत सदस्य अजय चौहान मौजूद रहे।