आजमगढ़। सावन मास के द्वितीय सोमवार को हर तरफ हर हर महादेव, बोल बम से क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। क्या राजा क्या रंक, सब पर चढ़ा महादेव का रंग, जी हां, सुबह पौ फटते ही हर श्रद्धालु शिव के जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक, पूजन, अर्चन हेतु, शिवालय चल पड़ा।
शहर के भवरनाथ स्थित शिव मंदिर पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का रेला लगा रहा। श्रद्धालुओं ने बेलपत्र, भांग, धतूरा, दूध, गंगाजल आदि से शिव का जलाभिषेक किया। इस दौरान मंदिर परिसर में मेले जैसा दृश्य देखने को मिला। भीड़ को देखते हुए प्रशासन चौकन्ना रहा तथा रूट डायवर्जन भी रहा। इसी प्रकार शहर के हर शिवालयों पर श्रद्धालुओं की भीड़ रही।
फूलपुर प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के दुर्वासा धाम, दुर्वेश्चर महादेव, मुंडेश्वर नाथ महादेव, कल्होरा, उत्तमा, बाबा परमहंस जी, नागा बाबा मन्दिर, में पंक्ति बद्ध होकर जलाभिषेक किया। वहीं युवा, पुरुष, महिला, बुजुर्ग, कावड़ यात्रा में शामिल थे। डीजे धुन पर भक्ति से सराबोर हो थिरकते, हर हर महादेव, आदि के उदघोष के साथ शिवालयों पर जलाभिषेक किया। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस फोर्स जगह-जगह तैनात रहीं।
मार्टिनगंज संवाददाता के अनुसार मारकंडे धाम कैथी से चलकर कांवरियों का जत्था जलाभिषेक के लिए क्षेत्र के बंधवा महादेव मंदिर परिसर एवं चितारा महमूदपुर में स्थित पातालपुरी शिव मंदिर में जलाभिषेक किया। जलाभिषेक के समय काफी भीड़ थी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल लगाया गया था। रास्ते में कांवरियों को जलपान कराने हेतु स्वयंसेवी संस्था के लोग तत्पर रहे। इस बार कुछ डाक बम वाले भी कांवरिया जलाभिषेक के लिए पातालपुरी शिव मंदिर चितारा महमूदपुर तथा बंधवा महादेव मंदिर पहुंचे थे। उनके जलाभिषेक के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी ताकि उन्हें कोई दिक्कत न हो।
महराजगंज प्रतिनिधि के अनुसार सावन मास के द्वितीय सोमवार को हर तरफ हर हर महादेव व बोल बम के शिव ध्वनि से क्षेत्र गुंजायमान हो उठा सुबह भगवान शिव के श्रद्धालु शिव के जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक, पूजन, अर्चन हेतु, शिवालय चल पड़े। महादेव के भक्त महराजगंज क्षेत्र के भैरव धाम और पातालेश्वर महादेव में पंक्ति बद्य जलाभिषेक किया जहाँ कावड़ियों के जत्थे में युवा, पुरुष, महिला, बुजुर्ग व बच्चे जलाभिषेक यात्रा में शामिल हुए तो वहीं डीजे धुन पर भक्ति से सराबोर हो थिरकते काँवड़िये हर हर महादेव और बोल बम आदि के उदघोष के साथ शिवालयों पर जलाभिषेक किया। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस फोर्स जगह जगह तैनात रहीं।
अतरौलिया प्रतिनिधि के अनुसार सावन के दूसरे सोमवार को क्षेत्र के प्रशिद्ध कैलेश्वर धाम (कैली) समेत अन्य शिव मंदिरों पर सुबह भक्तों की भारी भीड़ जल चढ़ाने के लिए उमड़ पड़ी। वहीं दूर दूर से आए कांवरियों ने सुबह से ही स्वयंभू शिवलिंग पर जलाभिषेक किया। हर-हर महादेव के उद्घोष से पूरा वातावरण गुंजायमान हो गया। सुरक्षा के दृष्टि से पुलिस कर्मियों की तैनाती मंदिर परिसर व आसपास की गई थी। इसी क्रम में क्षेत्र के अन्य शिव मंदिरों पर भी सुबह से भक्तों की भारी भीड़ लगी रही जहां लोगों ने जलाभिषेक किया।