आजमगढ़। जनपद में शुक्रवार की दोपहर हो रही बारिश के दौरान अलग-अलग स्थानों पर आकाशीय बिजली की चपेट में आने से जहां दो लोगों की मौत हो गयी वहीं आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से झुलस गये। झुलसे लोगों को उपचार के लिए मुकामी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया गया।
लालगंज प्रतिनिधि के अनुसार शुक्रवार की दोपहर धान के खेत में काम कर रही 20 वर्षीया प्रिया राजभर व 23 वर्षीया प्रियंका राजभर पुत्री टेक्सू राजभर निवासी ग्राम सराय पोस्ट नरसिंहपुर थाना देवगांव के ऊपर कड़कड़ाती हुई बिजली गिर गई जिससे दोनों बुरी तरह झुलस कर घायल हो गईं। आनन-फानन में दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज ले जाया गया। प्रिया राजभर को कमर में दोनो साइड और हाथ में गहरी छोटें आई हैं। दोनो बहने उसरहा सीवान में धान की रोपाई कर रही थीं तभी आकाशीय बिजली गिरने से उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गईं। एक बहन को गहरी चोट आई है वहीं प्रियंका राजभर पुत्री टेक्सू राजभर को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। इसी प्रकार 20 वर्षीय आकाश कुमार पुत्र मनोज निवासी हैबतपुर डुभांव थाना तरवां भी आकाशीय बिजली की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया जिन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज पहुंचाया गया किंतु चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
बूढ़नपुर प्रतिनिधि के नगर पंचायत में आकाशीय बिजली गिरने से 4 लोग बुरी तरह झुलस गए जिसमें एक की मौके पर मौत हो गई और तीन घायल हो गए जिसमें एक की हालत गंभीर बनी हुई है। घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया है। जहां उनका इलाज चल रहा है। बूढ़नपुर नगर पंचायत निवासी अनुज कुमार 19 वर्ष पुत्र स्व.अवधेश कुमार व किरन 30 वर्ष पुत्री अमरनाथ, निधि 18 वर्ष पुत्री रमेश, सिंधु 21 वर्ष पुत्री अमरनाथ धान के खेत में रोपाई कर रहे थे। अचानक आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। अनुज पुत्र स्व.अवधेश की मौके पर ही मौत हो गयी। वहीं किरन, सिंधु, और निधि, को 108 नंबर एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां उनकी हालत गंभीर देख कर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल के लिए रिफर कर दिया। जिसमें किरन पुत्री अमरनाथ की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर अन्त्य परीक्षण के लिए भेज दिया।