आजमगढ़। कोरोना टीकाकरण अभियान को लेकर बुधवार को केंद्र सरकार ने एक और बड़ा फैसला लिया है। अब देश में 18 वर्ष से ऊपर के सभी वयस्कों को भी कोरोना वैक्सीन का बूस्टर डोज मुफ्त में लगाई जाएगी। अब तक केवल 60 वर्ष या उससे ऊपर के वयस्कों को ही ये सुविधा मिल रही थी। केंद्र के इस निर्णय के बाद उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए चलाए जा रहे टीकाकरण अभियान में वैक्सीन की सतर्कता डोज लगवाने में 18 वर्ष से अधिक उम्र के वयस्क दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं। दूसरी डोज लगवाने के छह महीने बाद सतर्कता डोज लगवाई जा सकती है।
उक्त अभियान के क्रम में शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अतरौलिया पर प्रिकॉशन डोज का शुभारंभ किया गया। शुभारंभ के अवसर पर कुल 10 लोगों ने प्रिकॉशन डोज लगवाई। स्वास्थ अधीक्षक डॉ.शिवाजी सिंह ने बताया कि आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में शासन के निर्देश पर सभी सीएचसी पर 15 जुलाई से 30 सितंबर तक प्रिकॉशन डोज लगाई जाएगी। 75 दिनों तक चलने वाले इस प्रिकॉशन डोज को अब 18 वर्ष आयु वर्ग के लोग भी निःशुल्क लगवा सकते हैं जिसके लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तथा 100 शैय्या अस्पताल पर सुबह 10 बजे से सायं 5 बजे तक लोगों को प्रिकॉशन डोज लगाई जाएगी जो पूरी तरह से निशुल्क है। अभी तक 375 रुपए में प्राइवेट में लगाई जाती थी। 15 जुलाई से 75 दिनों तक यह लोगो को लगाई जाएगी। प्रिकॉशन डोज सेकंड डोज के उपरांत 26 सप्ताह या 6 माह तक लगाया जा रहा है।