अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। कोर्ट मैरिज से शादी के बाद फिर दूसरी लड़की के साथ सगाई करने की शिकायत के बाद पुलिस ने युवक को पूछताछ के लिए थाने पर बुलाया।
ग्राम शेरपुर थाना बिलरियागंज निवासी अजय तिवारी झारखंड के धनबाद में प्राइवेट नौकरी करता है। उसके पिता भी धनबाद में ही प्राइवेट नौकरी करते थे। अजय तिवारी 2013 में धनबाद झारखंड की एक लड़की के साथ कोर्ट मैरिज किया था और सोमवार को फिर दोबारा अतरौलिया के सम्मो माता मंदिर में ग्राम चकतारा थाना जहांगीरगंज, अम्बेडकर नगर निवासी एक लड़की के साथ सगाई कर रहा था। इस बात की जानकारी जब उस लड़की को हुई जो धनबाद में मौजूद रही है एवं अजय तिवारी के साथ कोर्ट मैरिज की थी, उस लड़की ने इस घटना के विषय में शिकायत पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ एवं प्रभारी निरीक्षक अतरौलिया से की। स्थानीय पुलिस सम्मो माता मंदिर से अजय तिवारी को पूछताछ के लिए थाने ले गई।
प्रभारी निरीक्षक अतरौलिया प्रमेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि झारखंड की रहने वाली एक लड़की ने पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ से शिकायत की थी कि उसकी शादी अजय तिवारी के साथ 2013 में हुई है। अब वह फिर दोबारा शादी कर रहा है। इसकी जानकारी के लिए युवक को थाने पर ला कर पूछताछ की जा रही है। उधर लड़की भी झारखंड से आ रही है। पीड़िता ने बताया कि अजय तिवारी 2013 में कोर्ट मैरिज किया था। वह मेरे मां-बाप से शादी करने के लिए बार-बार दबाव बना रहा था। यह शादी उसके मां-बाप को पसंद नहीं थी। उसने मेरा बहुत शोषण किया। मैं प्राइवेट नौकरी करती थी जो भी पैसा मिलता था यह ले लेता था। इसको मैंने ऑटो और अल्टो कार खरीदने में लगभग 4 लाख रुपयों की मदद की थी। बाद में दोनों गाड़ियां इसने बेच दिया और धोखे से कोर्ट मैरिज का पेपर एवं 80 हजार रुपए लेकर के फरार हो गया।
रिपोर्ट-आशीष निषाद