आजमगढ़। जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के विकास कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक की गई।
जिलाधिकारी ने विभागों में संचालित योजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि लंबित योजनाओं के कार्य में तेजी लाएं तथा 60 से 70 प्रतिशत तक पूर्ण हो चुकी विभाग की योजनाओं, विकास कार्यों को इस माह के अंत तक प्रत्येक दशा में शत प्रतिशत पूर्ण किया जाना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि ऐसे विभाग जिनकी योजनाएं, विकास कार्य डी,सी ग्रुप में है, वे विशेष प्रयास कर इस माह के अंत तक ए ग्रुप में लाने का प्रयास करें, उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन योजनाओं में छोटे-मोटे कार्य अवशेष हैं, उसे तत्काल पूर्ण करते हुए हैंड ओवर करना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी, ग्रामीण मे आवंटित आवासों का निर्माण निर्धारित समय में पूर्ण कराने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि आवंटित धनराशि को लाभार्थी के खाते में भेजना सुनिश्चित करें, बनाए गए प्रधानमंत्री आवास का सत्यापन भी कराना सुनिश्चित करें। इसी के साथ ही जिलाधिकारी ने पूर्ति विभाग, ग्रामीण पेयजल, मनरेगा, युवा कल्याण विभाग, पुष्टाहार विभाग, समाज कल्याण, महिला कल्याण विभाग तथा अन्य सभी विभागों की समीक्षा करते हुए विभागीय कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिये। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अनिल कुमार मिश्र तथा सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
इनसेट-
जनआरोग्य मेले का आयोजन कर जनता को पहुचाएं लाभ
आजमगढ़। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिया कि सभी सीएचसी, पीएचसी पर जन आरोग्य मेले का आयोजन कराना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने मई एवं जून की प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सीएमओ को निर्देश दिया कि लगातार विभागीय योजनाओं की मानिटरिंग करते रहें तथा जो भी विभाग में निर्माण कार्य चल रहे हैं, उसमें तेजी लाएं तथा सत्यापन करते हुए फोटो भी उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
इनसेट-
बिना रुकावट के करें विद्युत आपूर्ति
आजमगढ़। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देश दिया कि टोल फ्री नंबर को एक्टिव करें तथा लगातार विद्युत की आपूर्ति की जाय। उन्होंने निर्देश दिया कि शहरी, ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत फाल्ट होने पर तत्काल ट्रांसफार्मर अथवा अन्य सामानों को बदलकर बिना रुकावट के विद्युत आपूर्ति की जाय। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि विभिन्न विभागों में लंबित विद्युत बिलों की तत्काल वसूली सुनिश्चित की जाय। उन्होंने कहा कि कांशी राम आवास में रहने वाले लोगों को समझाकर वर्तमान विद्युत बिलों की वसूली करते हुए पुराने बिलों को भी जमा करवाने का प्रयास करें।
जिलाधिकारी ने पीडब्ल्यूडी एवं आरईएस विभाग की समीक्षा करते हुए कहा कि सड़कों के निर्माण कार्य में तेजी लाएं तथा जहां धनराशि उपलब्ध नहीं है, उसके लिए हमारी तरफ से डीओ लेटर भिजवाना सुनिश्चित करें स उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारी को निर्देश दिया कि किसान सम्मान निधि से अपात्र एवं मृतकों के नाम तत्काल हटा दिए जाएं तथा पात्र किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से लाभान्वित किया जाए स
इनसेट-
अधिकारी जनसमस्याओं को सुनकर करें निस्तारण
आजमगढ़। जिलाधिकारी ने समस्त विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक दिन अपने कार्यालय में बैठे एवं जन समस्याओं को सुनें तथा उसका निस्तारण करें, इसके लिए एक रजिस्टर भी बना ले, जिस में आने वाले सभी शिकायत कर्ताओं का पूर्ण विवरण दर्ज करें, जिससे यह पता चलेगा कि कितने शिकायतकर्ता आए और वे कहां के रहने वाले है।