आजमगढ़। स्थानीय थाने की पुलिस ने चेकिंग के दौरान चिवटहीं मोड़ के पास से दो बाइक चोरों को धर दबोचा। उनके कब्जे से तमंचा, कारतूस, मोबाइल व चोरी की चार बाइक बरामद हुई। पुलिस ने दोनों को संबंधित धाराओं में चालान करते हुए जेल भेज दिया।
स्थानीय थाना क्षेत्र के चिवटहीं मोड़ पर शनिवार को बकरीद त्योहार को सकुशल सम्पन्न कराने के उद्देश्य से संदिग्धों की तलाश में थानाध्यक्ष योगेंद्र बहादुर सिंह व क़स्बा चौकी प्रभारी राजीव कुमार सिंह मय हमराहियों के चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मोटर साइकिल से आ रहे दो संदिग्ध लोग पुलिस को देख कर भागने लगे पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को धर दबोचा। पूछताछ और तलाशी के दौरान पता चला की जिस बाइक से जा रहे थे वह बाइक भी चोरी की है। कड़ाई से पूछ ताछ में अभियुक्तों ने अपना नाम मुहम्मद आलम पुत्र जुम्मन निवासी सलारपुर व दूसरे अभियुक्त ने अपना नाम अबुशहम पुत्र अब्दुल वली थाना मुबारकपुर बताया। उन्होंने बताया कि हम लोग बाइक चोरी कर बेचते हैं। तलाशी के दौरान पुलिस ने अभियुक्तों के पास से एक मोबाइल, एक कट्टा, कारतूस, गगहा जनपद गोरखपुर सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों से चुराई गयी चार बाइक व दोनो अभियुक्तों के पास से 10 हज़ार तीस रुपये भी बरामद किया। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर जेल भेज दिया।