आजमगढ़। अहरौला थाना क्षेत्र के इसहाकपुर गांव में मां-बाप के जीते जी जमीन अपने नाम करवाने के लिए कलयुगी बेटा अपनी मां-बाप की जान लेने पर उतारू हो गया है। इतना ही नहीं रात में शराब के नशे में धुत बेटा कुल्हाड़ी और चाकू लेकर अपने मां-बाप पर हमला कर जान लेने की कोशिश करता है। पास-पड़ोस के लोग बीच-बचाव करने पर बुजुर्ग दम्पत्ति की जान बची। पीड़ित बुजुर्ग पिता ने स्थानीय थाने में गुहार लगायी मगर न्याय नहीं मिला। बुजुर्ग ने आरोप लगाया कि थाने का एक सिपाही भी उसे गंदी-गंदी गालियां देते हुए जमीन अपने बेटे के नाम करने के लिए दबाव बनाता है। ऐसा न करने पर जेल में डालने की धमकी देता है।
उक्त गांव निवासी कपिलदेव चौहान शनिवार को अपनी पत्नी और बेटे के साथ मेहता पार्क में धरने पर बैठ गया। बुजुर्ग ने ज्ञापन के माध्यम से आरोप लगाया कि उसके तीन लड़के हैं जिनमें से दो की शादी हो गयी है। बड़ा बेटा पप्पू चौहान नशे का आदी है जो भकुड़ी निवासी सुरेश यादव के उकसाने पर मेरे जीते जी जमीन को अपने नाम करवाने का दबाव डाल रहा है और जान से मारने की धमकी भी देता है। रात में कुल्हाड़ी और चाकू लेकर जान मारने की कोशिश भी किया लेकिन पास-पड़ोस के लोगों के बीच-बचाव करने के बाद उसके मंसूबे पर पानी फिर गया। पीड़ित बुजुर्ग ने आरोप लगाया कि इस बावत वह अहरौला थाने में जाकर शिकायत भी किया किन्तु कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गयी, उल्टे थाने के सिपाही हृदयेश द्वारा उससे पैसे की मांग की जाती है न देने पर जेल भेजने की धमकी दी जाती है। बड़े बेटे द्वारा मकान को अपने कब्जे में ले लिया गया है और हम दम्पत्ति को घर से बाहर निकाल दिया गया है। पीड़ित रिश्तेदारों के यहां रहकर जीवन बिताने को मजबूर है। पीड़ित नेे जिलाधिकारी से मामले को संज्ञान में लेते हुए जमीन और मकान को वापस दिलवाने की मांग की।