प्रदर्शनकारियों ने निकाल लीं तलवारें, जमकर मचा बवाल
चंडीगढ़ (सृष्टि मीडिया)। पंजाब के मोहाली में सिख कैदियों की रिहाई की मांग कर रहे प्रदर्शनकारी बुधवार को उग्र हो गए। चंडीगढ़ में घुसने को लेकर उनकी पुलिस से झड़प हो गई। इस दौरान जमकर पथराव हुआ। प्रदर्शनकारियों ने तलवारें निकाल लीं। जिसे देख पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया और वाटर कैनन का भी प्रयोग किया। इससे भड़के प्रदर्शनकारियों ने चंडीगढ़ और पंजाब पुलिस की गाड़ियों में तोड़फोड़ कर डाली। प्रदर्शनकारी इस कदर उग्र हो गए कि उन्होंने तलवारें और डंडे दिखाकर पुलिस को खदेड़ दिया। कुछ पुलिसकर्मी भी इस हिंसक वारदात में जख्मी हुए हैं। कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है। माहौल बिगड़ता देख पुलिस के सीनियर अफसर मौके पर पहुंचे।
जमकर हुई नोकझोंक
जानकारी के अनुसार चंडीगढ़ में धारा 144 लगा दी गई है। प्रदर्शनकारी अभी भी मोहाली में इकट्ठा हो गए। वहीं, चंडीगढ़ पुलिस भी हाई अलर्ट पर है। सजा पूरी कर चुके सिख कैदियों की रिहाई के लिए मोहाली में चंडीगढ़ बॉर्डर पर सात जनवरी से प्रदर्शन चल रहा है। बुधवार को प्रदर्शनकारियों ने पंजाब के सीएम के घर कूच का ऐलान कर दिया। इसका पता चलते ही चंडीगढ़ और पंजाब पुलिस ने बैरिकेडिंग कर दी। प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग के पास आ गए। उन्होंने बैरिकेड हटाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने रोक दिया। जिसके बाद उन्होंने तलवार और डंडे निकाल लिए। पुलिस को पीछे धकेलते हुए वे चंडीगढ़ में घुसने की कोशिश करने लगे। यह देखकर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया।

डीजीपी ने संभाला मोर्चा
लाठीचार्ज के बाद चंडीगढ़ पुलिस ने एक वीडियो जारी किया है। जिसमें मोहाली बॉर्डर पर निहंग पुलिस की गाड़ियों को टारगेट करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में वे तलवारें मारकर गाड़ियों को तोड़ते दिख रहे हैं। इस घटना में चंडीगढ़ पुलिस के कुछ जवान जख्मी हुए हैं। जिन्हें चंडीगढ़ के सेक्टर 16 अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिसकर्मियों के जख्मी होने का पता चलते ही चंडीगढ़ के डीजीपी प्रवीर रंजन भी अस्पताल रवाना हो गए। उन्होंने ने बताया कि कई प्रदर्शनकारियों के पास हथियार और डंडे, राड थे। कई अन्य खतरनाक हथियार भी इनके पास थे। प्रदर्शनकारियों ने रोके जाने पर पुलिसकर्मियों पर हमला किया। कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। कुछ प्रदर्शनकारी घोड़ों पर सवार होकर आए जिनमें निहंगों के दल भी थे। उनके पास भी हथियार थे। तलवारों से पुलिसकर्मियों पर हमला किया गया। कुछ पुलिसकर्मियों को गंभीर चोटें आई हैं।