लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। बेईली चिउटहरा मोड़ पर शहीद दिवस पर सामाजिक सरोकारों की मिसाल पेश करते हुए जीवन उजाला समिति के तत्वावधान में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। 80 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई। रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ समाजसेवी दीपक राय ने फीता काटकर किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है। उन्होंने कहा कि शहीद दिवस जैसे पावन अवसर पर इस तरह का आयोजन न केवल सराहनीय है, बल्कि समाज को एक सकारात्मक संदेश भी देता है। विदित हो कि 23 मार्च को भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को याद करते हुए शहीद दिवस मनाया जाता है जिन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों की आहुति दी थी।
समिति के अध्यक्ष डॉ. राजेश यादव ने बताया कि यह आयोजन उन वीर शहीदों की स्मृति को समर्पित है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। रक्तदान के माध्यम से हम न केवल मानवता की सेवा कर रहे हैं, बल्कि शहीदों के बलिदान को सच्ची श्रद्धांजलि भी अर्पित कर रहे हैं।
समाजसेवी व कई स्कूलों के प्रबंधक दीपक राय ने कहा कि हमें अपने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को कभी नहीं भूलना चाहिए। ऐसे आयोजन समाज में जागरूकता फैलाने के साथ-साथ लोगों को परोपकार के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि शिविर में एकत्रित किया गया रक्त जरूरतमंद मरीजों के लिए उपयोग में लाया जाएगा, जिससे कई जिंदगियों को बचाया जा सकेगा।
आजमगढ़ से रक्तदान करने आई टीम में डा.अंकुश कुमार, डाली पांडेय, राजेंद्र कुमार यादव, शशांक दुबे, लालजीत, जयनाथ और धर्मेंद्र शामिल रहे।
इस अवसर पर संजय यादव, उमेश यादव, राजेश मौर्य, सुनील प्रजापति, अभिमन्यु यादव, सुभाष चंद्र यादव पूर्व प्रधान, रमाकांत उर्फ कांता यादव, शैलेश यादव, सहतू प्रजापति, विशाल यादव नोनीपुर प्रधान आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद