आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जिला पंचायत अध्यक्ष विजय यादव की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला पंचायत के सभागार में बैठक आहूत की गयी, जिसमें जिला पंचायत के समस्त सदस्यगणों, जनप्रतिनिधियों तथा जनपद स्तरीय अधिकारियों द्वारा प्रतिभाग किया गया।
जिला पंचायत की बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा जनपद स्तरीय अधिकारियों से उनके विभागों जैसे स्वास्थ्य विभाग, विद्युत विभाग, शिक्षा विभाग, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग एवं अन्य विभागों में संचालित योजनाओं पर सदन में विस्तृत रूप से चर्चा किया गया। सदन द्वारा विस्तृत चर्चा के उपरान्त जिला पंचायत, आजमगढ़ का पुनरीक्षित बजट आय वित्तीय वर्ष 2024-25 में कुल 72.17 करोड़ एवं पुनरीक्षित व्यय बजट वित्तीय वर्ष 2024-25 में 85.41 करोड़, वित्तीय वर्ष 2025-26 में कुल अनुमानित बजट आय 77.53 करोड़ एवं अनुमानित बजट व्यय वित्तीय वर्ष 2025-26 में कुल 69.88 करोड़ रूपया अनुमोदित किया गया। मनरेगा योजनान्तर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए वार्षिक श्रम बजट का अनुमोदन सदन द्वारा सर्वसम्मति से किया गया। बैठक के अन्त में अध्यक्ष द्वारा समस्त जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए बैठक की कार्यवाही समाप्त करने की घोषणा की गयी।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार