आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सेवानिवृत्त पुलिस कर्मी के बैंक खाते से 55 लाख रूपये निकालने वाले गैंग को मुख्य साइबर अपराधी जामताडा झारखण्ड से गिरफ्तार कर पुलिस ने संबंधित धाराओं में जेल भेज दिया।
मंजू वर्मा निवासी हरनाटार सिकन्दरपुर बलिया ने प्रार्थना पत्र दिया कि मेंरे पति भुवनेष वर्मा पुलिस विभाग में मुख्य आरक्षी के पद सें सेवानिवृत्त हुए हैं। उनके बैंक खाते में आये फंड के पैसे लगभग 55 लाख रुपये किसी साइबर अपराधी ने पेंशन चालू करने के नाम पर ऐनीडेस्क ऐप्स डाउनलोड कराकर निकाल लिए है। सूचना के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया। उक्त अपराध के सफल अनवारण एंव अभियुक्तो की गिरफ्तारी हेतु प्रो. त्रिवेणी सिंह, पुलिस अधीक्षक, साइबर क्राइम मुख्यालय लखनऊ, अनुराग आर्य पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ एवं नोडल अधिकारी सुधीर जायसवाल, अपर पुलिस अधीक्षक अपराध जनपद आजमगढ़ के निर्देशानुसार तकनीकी संसाधनो का प्रयोग करते हुए विवेचना के मध्य प्रभारी निरीक्षक साइबर क्राइम थाना परिक्षेत्र आजमगढ़ द्वारा अभिसूचना संकलन करके कार्यवाही प्रारम्भ की गयी। उक्त अभियोग की विवेचना से कुल 8 अभियुक्तों का नाम प्रकाश में आया. जिसमे 4 अभियुक्तों को पूर्व में जेल भेजा जा चुका है। प्रकाश में आये गैंग का वांछित मुख्य अभियुक्त सोनू मण्डल पुत्र नन्दू उर्फ नन्दलाल मण्डल ग्राम नरायनपुर थाना नरायनपुर जिला जामताड़ा झारखण्ड कई दिनों से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए साइबर क्राइम थाना आजमगढ़ टीम रवाना हुई थी। शनिवार को प्रकाश में आये गैंग का वांछित मुख्य अभियुक्त सोनू मण्डल पुत्र नन्दू उर्फ नन्दलाल मण्डल ग्राम नरायनपुर थाना नरायनपुर जिला जामताड़ा झारखण्ड को उसके ओम साईं होटल जामताडा से गिरफ्तार किया गया।
इनसेट–
ट्रेजरी अधिकारी बनकर करते हैं काल
आजमगढ़। गहनता से पूछताछ में यह तथ्य सामने आया कि अभियुक्त सोनू उर्फ़ राजू मण्डल अपने साथी राम किशुन मण्डल, दिनेश मण्डल व धीरज पाण्डेय के साथ मिलकर सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों का डेटा सरकारी वेबसाइट से प्राप्त कर ट्रेजरी अधिकारी बनकर कॉल करते हैं। तत्पश्चात उनकी पेंशन बंद होने या पेंशन में इन्क्रीमेंट लगाने के नाम पर कॉल करके रिमोट सपोर्ट ऐप्स डाउनलोड कराकर उसके माध्यम से उनके मोबाइल बैंकिंग, नेट बैंकिंग या ई-वॉलेट को एक्सेस कर उनके बैंक खाते से सारा पैसा विभिन्न फर्जी खातों में ट्रान्सफर करके आपस में बाट लेते है।
रिपोर्ट-प्रमोद कुमार यादव