आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। अठारहवीं लोकसभा के लिए जिले की दो लोकसभा सीटों के लिए हुए मतदान में 55.73 प्रतिशत लोगों ने भागीदारी की। निजामाबाद विधायक आलमबदी आजमी, पूर्व मंत्री व विधान परिषद सदस्य बलराम यादव व सदर विधायक दुर्गा प्रसाद यादव समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्र के बूथों पर मतदान किया।
सुबह से ही लोकतंत्र के महायज्ञ में आहुति देने को लेकर उत्साह दिखने लगा था। यह अलग बात है कि दोपहर में बूथों पर भीड़ कुछ कम हो गई थी।
जिले के 2336 मतदान केंद्रों के 3801 मतदेय स्थलों पर जिले के 37,07,0477 मतदाताओं को 16 प्रत्याशियों के भाग्य की बटन दबाने का अधिकार प्राप्त था। मौसम की तल्खी को देखते हुए घरों से बूथों तक वोटरों को पहुंचाना बड़ी चुनौती थी, लेकिन समर्थक इसके लिए लगे हुए थे। जिले की दोनों लोकसभा सीटों के लिए 16 प्रत्याशी मैदान में हैं। आजमगढ़ लोकसभा सीट पर सपा के धर्मेंद्र यादव और भाजपा के दिनेश लाल यादव निरहुआ सहित कुल 9 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। यहां कुल मतदाताओं की संख्या 18 लाख 68 हजार 165 है, जिसमें 56.07 प्रतिशत लोगों ने मतदान किया। लालगंज में बसपा की इंदू चौधरी, भाजपा की नीलम सोनकर व सपा के दरोगा प्रसाद सरोज सहित कुल 07 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। यहां पर कुल मतदाताओं की संख्या 18 लाख 38 हजार 882 है, जिसमें 54.39 प्रतिशत लोगों ने ईवीएम में प्रत्याशियों के भाग्य की बटन दबाई।
आजमगढ़ सदर से सपा के धर्मेंद्र यादव चुनाव मैदान में हैं जबकि भाजपा से दिनेश लाल निरहुआं मैदान में है। इसके अलावा आजमगढ़ से जनराज्य पार्टी से पारस यादव, निर्दल पंकज कुमार यादव, शशिधर, मौलिक अधिकार पार्टी से रविन्द्र नाथ शर्मा, निर्दल विजय कुमार एवं मूल निवासी समाज पार्टी से महेन्द्र नाथ यादव चुनाव मैदान में हैं। इसी प्रकार लालगंज संसदीय सीट से भाजपा से सांसद नीलम सोनकर, बसपा इंदू चौधरी, सपा से दरोगा सरोज के अलावा निर्दल सुष्मिता सरोज, जनता क्रान्ति पार्टी (राष्ट्रवादी) से बलिन्दर, भाकपा से गंगादीन एवं बहुजन मुक्ति पार्टी से राम प्यारे मैदान में हैं।
इनसेट–मेंहनगर में लाठीचार्ज का आरोप
मेंहनगर (आजमगढ़)। गौरा गांव के बूथ संख्या 102 पर भाजपा समर्थक पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज का आरोप लगाया गया है। इसमें राजेश सिंह व भूपेंद्र सिंह राणा का हाथ टूट गया। मौके पर सीओ लालगंज व पूर्व जिला अध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह मौके पर पहुंचे।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार