कंटेनर से 354 किलो गांजा बरामद, अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। गंभीरपुर थाना क्षेत्र में एसटीएफ लखनऊ और गंभीरपुर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस ने एक मिनी कंटेनर ट्रक से करीब 353.990 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की कीमत लगभग 34 लाख रुपये आंकी गई है।
एसटीएफ लखनऊ टीम और गंभीरपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि छत्तीसगढ़ से भारी मात्रा में गांजा लेकर एक मिनी कंटेनर ट्रक आजमगढ़ की ओर आ रहा है। सूचना के आधार पर एसटीएफ टीम प्रभारी उपनिरीक्षक फैजुद्दीन सिद्दीकी और थानाध्यक्ष गंभीरपुर अखिलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अमौड़ा टोल प्लाजा के पास वाहन चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान टोल प्लाजा से लगभग 200 मीटर पहले एक संदिग्ध मिनी कंटेनर ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ट्रक में बनाई गई प्लास्टिक की गुप्त कैविटी से 14 बोरियों में छिपाकर रखा गया कुल 353.990 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। इसके बाद चालक राजीव कुमार यादव निवासी ग्राम सुरैंदा फूलपुर, थाना अजीतमल, जनपद औरैया को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह छत्तीसगढ़ के रायपुर और आसपास के क्षेत्रों से गांजा लाकर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में सप्लाई करता था। इस संबंध में थाना गंभीरपुर में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *