मॉडर्न गांव के रूप में नहीं संतृत्प हो सकी 21 ग्राम पंचायतें

शेयर करे

फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्वच्छ भारत मिशन योजना के अंतर्गत सरकार द्वारा गांवों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए उन्हें मॉडर्न गांव के रूप में विकसित करने की योजना चलाई जा रही है। इसी क्रम में फूलपुर ब्लॉक की कुल 89 ग्राम पंचायतों में से वर्ष 2022-23 में ग्राम पंचायत बखरा और पुष्पनगर का चयन किया गया था।
योजना के तहत गांवों में सोख्ता गड्ढा, घूर गड्ढा, ई-रिक्शा तथा आरआरसी सेंटर का निर्माण कराया जाना था, जिससे गांवों में कूड़ा-कचरा खुले में न फैले और जलजमाव की समस्या न हो। ब्लॉक क्षेत्र में प्रथम चयनित गांवों के कार्य पूर्ण होने के बाद क्रमवार 89 ग्राम पंचायतों को मॉडर्न गांव के रूप में चयनित किया गया, जिनमें से 68 ग्राम पंचायतों को मॉडर्न गांव के रूप में विकसित किया जा सका। वहीं शेष 21 ग्राम पंचायतें धनाभाव के कारण संतृप्त नहीं हो सकीं।
इस संबंध में बीडीओ फूलपुर इशरत रोमेल ने बताया कि मतदाता पुनरीक्षण कार्य में व्यस्तता के कारण गांवों का स्थलीय निरीक्षण नहीं हो पा रहा है। सहायक विकास अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि वे चयनित गांवों का स्थलीय सत्यापन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। जिन गांवों का चयन मॉडर्न गांव के रूप में हुआ है, उनकी सूची तैयार कर शासन स्तर पर पत्र भेजा जाएगा, ताकि धन की मांग कर शेष बचे गांवों का विकास कराया जा सके।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *