फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। विद्युत बिल राहत योजना अंतर्गत विद्युत वितरण मंडल द्वितीय आजमगढ़ के तीनों खण्डों में कभी भी अपना बिल जमा न करने वाले एवं ऐसे उपभोक्ता जिन्होंने अपना विद्युत बिल का भुगतान 31 मार्च 2025 अथवा उसके पूर्व किया हो योजना के पात्र होंगे। योजना एक दिसम्बर से लागू होगी जो कि तीन चरणों में चलेगी। पहला चरण एक दिसम्बर से 31 दिसम्बर तक चलेगा जिसमें पात्र उपभोक्ताओं को 100 प्रतिशत ब्याज माफ एवं मूलधन में भी 25 प्रतिशत की छूट मिलेगी।
प्रथम चरण के बाद मूलधन में छूट घटकर क्रमशः 20 प्रतिशत एवं 15 प्रतिशत ही रह जाएगी। विद्युत वितरण मंडल द्वितीय आजमगढ़ के अंतर्गत तीनों खण्डों फूलपुर में 97734 कप्तानगंज में 50174 एवं सठियांव में 56221 पात्र उपभोक्ताओं पर कुल बकाया लगभग 1078 करोड़ है जिसमें 495 करोड़ ब्याज है। इसके अलावा ऐसे उपभोक्ता जो एकमुश्त भुगतान करने में सक्षम नहीं हैं उनके लिए मासिक बिल के साथ 750 अथवा 500 रुपए प्रति माह किस्तों में भी भुगतान करने का प्रावधान है।
इसी प्रकार बिजली चोरी वाले प्रकरणों में भी प्रथम चरण में राजस्व निर्धारण में अधिकतम 50 प्रतिशत की छूट है। योजना का अधिकतम लाभ प्रथम चरण में मिलेगा अतः सभी पात्र उपभोक्ताओं से अनुरोध है कि दिसम्बर माह की पहली तारीख से ही 2000 रुपए जमा कर अपना रजिस्ट्रेशन कराकर योजना का अधिकतम लाभ लें।
विद्युत वितरण खण्ड फूलपुर में उपस्थित अधीक्षण अभियन्ता ने बताया कि सरकार द्वारा विद्युत उपभोक्ताआंे को बकाया में बड़ी राहत देने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम चला रही है। जागरुकता के लिए सभी बिद्युत स्टेशनों पर अवर अभियन्ता को निर्देशित किया गया कि ब्लाक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सर्वाजनिक स्थलों पर पोस्टर लगाकर ध्वनि विस्तारक यंत्रों द्वारा ग्राम प्रधान के साथ बैठकें कर प्रचार प्रसार किया जाय। प्रधान आदि का सहयोग लिया जाय। जागरुकता में कहीं से कोई कमी न रह जाय, उपभोक्ता छूट का लाभ लें।
रिपोर्ट-मुन्ना पाण्डेय