पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम आजमगढ़ के तत्वावधान में विकास खंड बिलरियागंज के प्रांगण में सोमवार को संविदा चालक भर्ती के लिए विशेष आवेदन कैंप का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित हुआ, जिसमें क्षेत्र के युवाओं ने उत्साह पूर्वक भाग लिया। कैंप में कुल लगभग 18 आवेदक उपस्थित हुए और उन्होंने संविदा चालक पद हेतु आवेदन पत्र जमा किया।
भर्ती प्रक्रिया के तहत आवेदकों को पात्रता के लिए कक्षा 8 या कक्षा 10 का अंकपत्र (मार्कशीट), आधार कार्ड, कम से कम दो वर्ष पुराना हैवी ड्राइविंग लाइसेंस तथा पैन कार्ड की छायाप्रति प्रस्तुत करनी अनिवार्य थी। आवेदन जमा करने के बाद पात्र अभ्यर्थियों को अगले चरण में मूल दस्तावेजों के साथ इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा, जहां विभाग द्वारा सभी प्रमाणपत्रों की गहन जांच-पड़ताल की जाएगी।
कैंप के दौरान उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के कर्मचारी बालचंद एवं संजय कुमार की टीम ने आवेदकों को आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी और सभी का आवेदन सफलता पूर्वक जमा कराया। लोगों का कहना है कि ऐसे कैंपों से ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिलते हैं और उन्हें दूर शहरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। परिवहन निगम की इस पहल को क्षेत्रवासियों ने सराहनीय कदम बताते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की मांग की।
रिपोर्ट-बबलू राय