आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। अखिल भारतीय राष्ट्रीय महासंघ के अभियान के अंतर्गत जनपद के सभी बाइस ब्लाकों एवं नगर क्षेत्र के प्राथमिक, माध्यमिक के सरकारी, और मान्यता प्राप्त संस्थाओं के लगभग 17000 शिक्षकों ए़वं दो लाख अस्सी हजार विद्यार्थियों ने ‘हमारा विद्यालय हमारा स्वाभिमान’ कार्यक्रम के अतर्गत पंच प्रण का संकल्प लिया।
राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के जिला मीडिया प्रभारी ब्रजेश कुमार राय ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य शिक्षा को केवल ज्ञान तक सीमित न रख कर चरित्र निर्माण और सामाजिक सेवाओं से राष्ट्र निर्माण का माध्यम बनाना है। यह अभियान विद्यालय को राष्ट्र निर्माण का तीर्थ बनाएगा। इसका मुख्य संदेश है हमारा विद्यालय हमारा तीर्थ है, हमारी आत्मा का अभिमान है और राष्ट्र निर्माण का आधार है।
विद्यार्थियों ने हम मिलकर अपने विद्यालय को स्वच्छ, अनुशासित तथा प्रेरणास्पद बनाए रखने का संकल्प लिया। साथ ही हम विद्यालय के संपदा, संसाधन तथा समय को राष्ट्र धन मानते हुए उनका संरक्षण एवं विवेक पूर्वक उपयोग करेंगे, हम विद्यालय में ऐसा वातावरण बनाएंगे जहां कोई भेदभाव नहीं होगा। हम सभी सम भाव से सीखने और सीखने के पथ पर अग्रसर रहेंगे, हम शिक्षा को केवल ज्ञान का माध्यम नहीं अपितु चरित्र निर्माण, आत्मविकास और समाज सेवा का साधन मानकर कार्य करेंगे तथा हम विद्यालय को केवल एक संस्था नहीं अपितु संस्कार सेवा और समर्पण का तीर्थ मानते हुए उसका गौरव बढ़ाने हेतु सतत प्रयत्नशील रहेंगे, का भी संकल्प लिया।
इस अभियान में विगत तीन सप्ताह से मंडल अध्यक्ष बजरंग बहादुर सिंह के नेतृत्व में महामंत्री अनिल कुमार मिश्र, उपाध्यक्ष अमित कुमार राय, अरविंद सिंह, मनोज सिंह, रास बिहारी यादव, ब्रजेश कुमार राय सहित सभी ब्लाकों के अध्यक्ष मंत्री तथा इस कार्यक्रम के संयोजक अरविन्द सिंह, सह संयोजक द्वय अंशु राय, दीक्षा त्रिपाठी ने शिक्षाधिकारियांे एवं विद्यालय पर लगातार संपर्क अभियान में लगे रहे। संचालन करते हुए मंडल अध्यक्ष बजरंग बहादुर सिंह ने सभी का आभार व्यक्त किया।
रिपोर्ट-सुबास लाल