आजमगढ। निजामाबाद थाना के फरिहा चौकी पर तैनात प्रभारी समेत 15 सिपाहियों पर कार्रवाइ की गाज गिर गयी। पुलिस अधीक्षक ने 15 सिपाहियों को लाइन हाजिर व दो को निलम्बित कर दिया।
गंभीरपुर थाना क्षेत्र के मसूद पट्टी मड़ैये की एक युवती भटकते हुए फरिहा क्षेत्र में पहुंच गयी थी। स्थानीय लोगों ने उसे मक्खन पट्टी गांव के समीप रेलवे ट्रैक पर देखा। ग्रामीणो ने इसकी सूचना फरिहा चौकी प्रभारी ज्ञान प्रकाश तिवारी को दी थी। चौकी प्रभारी अपने दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पूछताछ करके लड़की के घर के लोगो को बुलाया और साैंप दिया। लेकिन लड़की ने चौकी प्रभारी के ऊपर आरोप लगाया कि मेरी मुठ्ठी में 18000 रूपये चौकी इंचार्ज के इशारे पर कांस्टेबल सौरभ पाण्डेय द्वारा ले लिया गया। पीड़ित परिवार द्वारा जब पैसे की मांग की गयी तो चौकी इंचार्ज और कांस्टेबल द्वारा पैसा लेने से इंकार कर दिया गया। लेकिन पीड़ित परिवार ने पैसे लेने की शिकायत कप्तान से की थी। जिसमे एसपी यातायात को जांच की कमान सौंपी गयी। जांच में पीड़ित सहित अन्य लोगो का बयान हुआ। जिसमंे चौकी इंचार्ज और कांस्टेबल सौरभ पाण्डेय दोषी पाये गये। उसी दौरान इन दोनो की थाने से रवानगी कर दी गयी। इधर पीड़ित पर दबाव डाल कर बयान बदलवाने का सिलसिला जारी रहा। लापरवाही को देखते हुए गुरुवार की रात पुलिस अधीक्षक ने फरिहा चौकी के हेड कांस्टेबल, कांस्टेबल चौकी इंचार्ज सहित 15 लोगो को लाइन हाजिर कर दिया।