महराजगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सगड़ी तहसील क्षेत्र में महुला गढ़़वल बांध के उत्तरी छोर में बहने वाली घाघरा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से ग्रामीणों की समस्या बढ़ गई है। घाघरा के कटान से किसान भूमिहीन होते जा रहे हैं। घाघरा नदी का तांडव शुरू हो गया है। एक तरफ घाघरा नदी किसानों को भूमिहीन करती जा रही है तो दूसरी तरफ आफत बनती जा रही है।
घाघरा के तटवर्ती गांव के लोगों की मुश्किलें बढ़ती ही जा रही हैं। आधा दर्जन गांव का संपर्क मार्ग डूब गया है। आने जाने वाले लोगों को नाव ही सहारा है वह भी अभी तक नहीं चलाई जा रही है। लोग अपने व्यक्तिगत नाव से आ जा रहे हैं। खरैलिया ढाला, मानिकपुर, मसूरियापुर, साहडीह, वाका, बुढ़नपट्टी, हाजीपुर, पुलिया से संपर्क मार्ग लोगों का टूट गया है। बाढ़ चौकियां अभी भी औपचारिक रूप से चलाई जा रही हैं। घाघरा नदी जहां आबादी की जमीन को काट रही है तो वहीं खेती योग्य भी जमीन कट रही है। लोगों के घरों के ऊपर खतरा मंडराने लगा है। लोग अपने सामानों को निकाल कर सुरक्षित स्थान पर ले जाने की तैयारी में लगे हुए हैं।
रिपोर्ट-राजनरायन मिश्रा